Rourkela News: हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग में सेक्टर-21 रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेल पटरी किनारे बसे शिवशंकर बस्ती पर मंगलवार को बुलडोजर गरजा. इलाके को खाली करने के लिए पूर्व में दिये जा चुके नोटिस के बाद मंगलवार को प्रशासन और रेलवे पूरी तैयारी के साथ पहुंचे.
कड़ी सुरक्षा के बीच खाली करायी गयी जमीन
बुलडोजर ने चिह्नित मकानों को एक के बाद एक गिराना शुरू किया. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो. प्रशासन को किसी तरह के खास विरोध का सामना नहीं करना पड़ा और दोपहर तक तोड़फोड़ का काम चलता रहा. बुलडोजर कार्रवाई को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अपने-अपने घरों से जो भी सामान निकालना था उसे लेकर निकल गये.
शिवशंकर नगर में 38 और रहमतनगर में 17 घरों को हटाने की योजना
रेलवे को अपनी परियोजना के लिए शिवशंकर नगर के 38 और रहमतनगर के 17 घरों को हटाना है, जिसकी पहचान पहले ही की जा चुकी है. मंगलवार को रेलवे और प्रशासन ने 14 घरों को हटा दिया है. बाकी घरों को हटाने का काम आगामी दिनों में जारी रहेगा.विधायक के हस्तक्षेप से मिली दो दिनों की मोहलत
अतिक्रमण हटाये जाने की सूचना पाकर रघुनाथपाली विधायक दुर्गाचरण तांती दोपहर में शिवशंकर बस्ती पहुंचे और रेलवे तथा प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की. स्थानीय लोगों से बात करने के बाद उन्होंने बस्तीवासियों को कुछ मोहलत देने की बात कही. जिस पर प्रशासन की ओर से दो दिनों की मोहलत दी गयी है, ताकि वे अपना जरूरी सामान लेकर अन्यत्र रहने की व्यवस्था कर लें.
