गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: सरहुल पर्व की खुशियों के बीच झारखंड के गुमला जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. घर से त्योहार देखने निकला 21 वर्षीय युवक अब कभी लौटकर नहीं आएगा, क्योंकि जंगल में उसे पत्थरों से कुचलकर इतनी बेरहमी से मार डाला गया कि उसकी पहचान तक मुश्किल हो गई.
जंगल में मिला शव
घटना कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सिविल गांव स्थित सिविल घुटू टंगरी जंगल की है, जहां शनिवार सुबह ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ पड़े एक युवक के शव पर पड़ी. देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. शव की हालत ऐसी थी कि देखने वालों की रूह कांप उठी, सिर और शरीर पर पत्थरों से बर्बर वार के निशान साफ नजर आ रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू की. कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान दुंदुरिया बैंक कॉलोनी निवासी बजरंग उरांव (21 वर्ष) के रूप में हुई.
सरहुल देखने निकला था युवक, जंगल में घात लगाकर की गई हत्या
परिजनों ने बताया कि वह 11 अप्रैल की सुबह घर से सरहुल पर्व देखने की बात कहकर निकला था और चैनपुर की ओर गया था, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा. बताया जा रहा है कि सिविल घुटू टंगरी जंगल के सुनसान इलाके में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर हमला किया. युवक को भागने तक का मौका नहीं मिला. हमलावरों ने उसे पकड़कर पत्थरों से कुचल डाला और मौत के घाट उतारकर फरार हो गए.
हत्या से इलाके में दहशत, पुलिस छापेमारी में जुटी
इस निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों में डर इतना है कि लोग अब शाम ढलते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, एक हंसता-खेलता जवान बेटा यूं बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्यारों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. सबसे बड़ा सवाल यही है आखिर बजरंग उरांव की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई? क्या यह पुरानी रंजिश का नतीजा है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा.
Also Read: गुमला में समाजसेवी से 10 लाख की रंगदारी, फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज
Also Read: रामगढ़ के साई रेसीडेंसी होटल में पुलिस की बड़ी रेड, बरामद हुई अवैध शराब की खेप
