प्रतिनिधि, चक्रधरपुर
कार्यपालक पदाधिकारी, चक्रधरपुर नगर परिषद के निर्देशानुसार राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत संचालित 'कैच द रेन-2026' अभियान के तहत मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय से अर्जुन पार्क तक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली का उद्देश्य सफाई मित्रों एवं शहरवासियों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा भूजल स्तर में हो रही गिरावट के प्रति जागरूक करना था. रैली में नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने जल संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझाया.
इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे अनावश्यक जल व्यर्थ न करें तथा अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक भवनों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाकर जल संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं. कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों से संचालित 'कैच द रेन-2026' अभियान मानसून के दौरान जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रहा है.
अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल को अधिकतम मात्रा में संरक्षित कर भूजल स्तर में सुधार लाना तथा भविष्य में जल संकट की संभावनाओं को कम करना है. रैली के माध्यम से लोगों को इस वर्ष के अभियान की मुख्य थीम जहां गिरे, जब गिरे, वहीं वर्षा जल का संचयन करें का संदेश दिया गया. नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है. यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्याप्त जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकता है.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
