उपायुक्त से की मामले की शिकायत
मुखिया ने आरोप को बताया निराधार
सोनुवा : प्रखंड के पोडाहाट पंचायत अंतर्गत उड़नियां गांव की जल सहिया जानो बोदरा ने मुखिया अजीत माझी पर शौचालय निर्माण के एवज में कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत उपायुक्त से की है. हालांकि मुखिया अजीत माझी ने जल सहिया द्वारा लगाये गये अारोप को निराधार बताते हुए इसे एक साजिश बताया है.
दो पदों पर रहने के कारण भुगतान रोका
पोडाहाट पंचायत के मुखिया अजीत माझी ने मामले पर कहा जल सहिया जानो बोदरा पंचायत की वार्ड सदस्य भी हैं. पिछले दिनों ग्रामीणों की बैठक में उन्हें एक पद से इस्तीफा देने के लिए ग्रामीणों ने कहा था.
वह जल सहिया पद छोड़ना नहीं चाह रही हैं. इस कारण चेक पर हस्ताक्षर नहीं किया. इसी के मद्देनजर जानो उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं. उन्होंने कहा कि जब तक जानो दो पदों पर रहेंगी. तब तक भुगतान नहीं किया जायेगा.
क्या है मामला
उपायुक्त को सौंपे गये पत्र में जल सहिया जानो बोदरा ने बताया कि ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति उड़नियां द्वारा गांव में 50 परिवारों का शौचालय निर्माण किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी ही. इसके निर्माण के लिए पीएचइडी द्वारा 6 लाख रुपये समिति को दिया जा चुका है. वर्तमान में 22 शौचालय का कार्य पूरा हो चुका हैै, जबकि 17 का कार्य चल रहा है. इसमें मजदूरी तथा सामग्री का करीब 72 हजार रुपया बकाया है.
इसके भुगतान के लिए चेक पर हस्ताक्षर करने के लिए मुखिया अजीत माझी द्वारा प्रति शौचालय एक हजार रुपये की मांग की जा रही है. जो गलत है. इस कारण निर्माण कार्य भी बंद पड़ा है. इस संबंध में उड़नियां गांव में ग्रामीण मुंडा की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक भी हुई थी, जिसमें मामले से बीडीओ को अवगत कराया गया था.
