जराईकेला. कोपसिंगा हाट में दिनदहाड़े वारदात से दहशत
मनोहरपुर : मनोहरपुर-ओड़िशा के सीमावर्ती क्षेत्र बिसरा थाना अंतर्गत जराईकेला के कोपसिंगा साप्ताहिक हाट में सोमवार को दिन-दहाड़े अज्ञात हथियारबंद तीन अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना दिन के करीब 11.30 बजे की है. मृतक बिश्रा थाना क्षेत्र के बड़ा बंबुआ नवाटोली निवासी भाग्यवान सिंह (56) है. घटना के बाद अपराधी भाग्यवान सिंह के पास से 15 हजार रुपये नकदी से भरी थैली लेकर फरार हाे गये.
जानकारी के अनुसार भाग्यवान सिंह अपने साथी विश्राम लाल, कैलाश यादव, बंडामुंडा के सुदर्शन यादव व जराईकेला के खगेश्वर महतो के साथ कोपसिंगा साप्ताहिक हाट में वनोत्पाद (महुआ, डोरी, चिरौंजी व इमली आदि) की खरीदारी करने पहुंचे थे. तभी एक मोटरसाइकिल से सवार होकर तीन हथियार बंद अपराधी (इनमें एक निकर पहने हुए था) आये और हथियार दिखाते हुए भाग्यवान सिंह से रुपये से भरी थैला मांगने लगे. थैली देने में आना-कानी करने पर उनमें से एक अपराधी ने भाग्यवान सिंह की कनपट्टी पर गोली मार दी.
