चाईबासा . सुबह पुरुषोत्तम से दिल्ली लौटना था, अंदर से बंद था कमरा
चाईबासा : जेएमपी चौक स्थित बालाजी होटल के कमरा संख्या 312 के बाथरूम से शनिवार को पावर ग्रिड के आचू प्रोजेक्ट के सीनियर मैनेजर खालिद अवरार की संदेहास्पद स्थिति में शव बरामद किया गया. सदर पुलिस अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक खालिद पांच छह दिन पहले दिल्ली से चाईबासा आये थे. उन्हें पूर्ण हो चुके आचू ग्रिड को चालू कराना था. ग्रिड चालू होने के बाद खालिद को शनिवार को दिल्ली लौटना था.
बाथरूम में पड़ा था खालिद का शव. दिल्ली लौटने के लिए खालिद को शनिवार को जमशेदपुर से सुबह साढ़े 6 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पकड़ना था. इसके लिए उसने एक भाड़े की गाड़ी बुक थी. चालक सुबह साढ़े चार बजे होटल पहुंचा. उसने खालिद को फोन किया. कई बार रिंग होने के बावजूद खालिद ने फोन नहीं उठाया.
इसके बाद होटल के कर्मचारी को लेकर खालिद के कमरे में पहुंचा. कमरा बाहर से बंद था. काफी खटखटाने के बाद भी खालिद ने कमरा नहीं खोला, तो होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाड़ा तोड़ दिया. भीतर घुसने पर उन्होंने खालिद को कमरे के बाथरूम में मरा पाया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा. होटल के कमरे के बाथरुम में खालिद की मौत कैसे हुई. इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा. घटना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. खालिद मूल रूप से बिहार के गया स्थित शेरघाटी का रहने वाला है. वह वर्तमान में दिल्ली के नरेला क्षेत्र में रहकर पावर ग्रिड में काम कर रहा था.
