मनरेगा समीक्षा. प्रदान संस्था पर मनमानी का आरोप
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था की लापरवाही के कारण योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है.
सोनुवा : सोनुवा प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदान संस्था की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मनरेगा में मनमानी करने का आरोप लगाया है. गोलमुंडा पंचायत सचिवालय में बुधवार को मरनेगा की समीक्षा को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें मुख्य रूप से बीडीओ प्रवेश कुमार साव के अलावा प्रमुख काजल माझी उपस्थित थीं. मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों ने बीडीओ से कहा कि मनरेगा योजनाओं की देखरेख कर रही प्रदान संस्था मनमाने ढंग से कार्य कर रही है. इस कारण योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है.
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि कई पंचायतों में बगैर ग्रामसभा के ही संस्था द्वारा मेट का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देते हुए नियुक्ति दे दी गयी. इसके अलावा मनरेगा योजनाअों के चयन में भी मुखिया की सलाह नहीं ली जा रही है. मौके पर प्रतिनिधियों ने बीडीअो से मामले की जांच कर संस्था पर कार्रवाई की मांग की गयी. बैठक मेें मुखिया जोशिला गागराई, जेवियर सुंडी, राय पूर्ति, जानकी हेंब्रम, पंसस रानी बांदिया, खरोवाला नायक, पार्वती हेस्सा, रचना महतो, गुणवंत नायक समेत काफी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे.
