नोवामुंडी : जगन्नाथपुर विस क्षेत्र आने वाले पांच सालों के अंदर हर गली, हर गांव बिजली से रोशन होगा. इसके लिए विस क्षेत्र चार पावर सब ग्रिड स्टेशन निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है. यह बात सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने बुधवार को नोवामुंडी गेस्ट हाउस में प्रभात खबर से बातचीत में कही. उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल ज्योति योजना के तहत जगन्नाथपुर विस क्षेत्र के जैंतगढ़, कोटगढ़, हाथीचौक, बोकना व सारंडा के छोटानागरा में पावर सब ग्रिड स्टेशन बनाने की स्वीकृति मिली है.
इस तरह सारंडा के गांव भी बिजली की रोशनी से जगमगायेगा. ग्रामीणों की चिर प्रतीक्षित मांगें पूरी होगी. सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में कुल 12 सब स्टेशन बनेगा. ग्रामीण विद्युतीकरण योजना विभाग की ओर से प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा गया है.
भूमि अधिग्रहण बिल पर झामुमो कांग्रेस जनता को बरगला रही है. उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल पर झामुमो, कांग्रेस समेत विपक्षी दल जनता को गलत प्रचार कर बरगलाने का काम कर रही है. जबकि यह बिल जनोन्मुखी है. सड़क अस्पताल समेत अन्य योजनाओं के लिए जबरदस्ती जमीन अधिग्रहण नहीं की जायेगी. झामुमो नहीं चाहती है कि झारखंड के आदिवासी इंजीनियर डॉक्टर समेत अन्य उच्च ओहदे पर जायें. गरीबी में ही जीवन यापन करते रहे. जनता को भाजपा जागरूक करेगी.
जैंतगढ़-नामकुम सड़क व चक्रधरपुर ओवरब्रिज का मामला जल्द सुलङोगा
सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने बताया कि लोकसभा सत्र में नामकुम-जैंतगढ़ एनएच सड़क का मामला उठाया गया है. मामला कोर्ट में है. कमेटी की रिपोर्ट के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा. चक्रधरपुर में लंबित ओवरब्रिज का मामला भी उठाया गया. इस पर एक महीना के अंदर लंबित सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत करने का भरोसा मिला है.
शिशु विद्या मंदिर में बनेगा सभागार भवन
पदमावती जैन सरस्वती विद्या मंदिर के अध्यक्ष साधु सिंह, सचिव छेदीलाल गुहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सांसद गिलुवा से मिला. सभागार भवन निर्माण की बात रखी. इस पर भवन निर्माण कराने का भरोसा दिलाया. इस मौके पर मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि विपीन पूर्ति, युवा नेता आनंद सिंह, दीपक पाठक, बाबूलाल मांझी, मजदूर नेता रामा पांडेय, उमा निषाद, विक्की बोस समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे.
