चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के भंडारू गांव स्थित बुढ़ीबांध के सिंचाई नाला पर केके बिल्डर द्वारा केनाल निर्माण कार्य किया जा रहा है. ठेकेदार द्वारा सिंचाई नाला पर मिट्टी गिराने से गांव के किसानों ने रोष जताते हुए निर्माण कार्य को बंद करा दिया और विभागीय अधिकारी से वार्ता की मांग पर अड़े रहे.
बुधवार को विभाग के एसडीओ प्रमोद कुमार सिन्हा कार्य स्थल पहुंचे और किसानों से बात की. मौके पर किसानों ने बताया कि बुढ़ीबांध और सिंचाई नाला पर ठेकेदार द्वारा मिट्टी डाली जा रही है. इससे किसानों को सिंचाई करने में काफी कठिनाई होगी. किसानों ने बताया कि बांध के पानी से छह हजार बीघा खेती की जाती है. सिंचाई नाला बंद होने से उनके समक्ष सिंचाई करने की समस्या उत्पन्न हो जायेगी.
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह जिप सदस्य सुनाराम हांसदा और उपाध्यक्ष त्रिलोचन राणा ने एसडीओ से कहा कि केनाल निर्माण का नक्शा ला कर भूमि की मापी कर केनाल निर्माण किया जाये. उन्होंने कहा कि केनाल निर्माण किसानों के हित में किया जा रहा है. किसानों को ध्यान में रखते हुए केनाल का निर्माण किया जाये. इस मौके पर एसडीओ श्री सिन्हा ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि 15 मार्च के बाद वे भूमि की मापी करा कर केनाल निर्माण करवायेंगे. वे प्रयास करेंगे कि सिंचाई नाला बंद ना हो. इस अवसर पर परितोश नायक, सत्यनाथ बेरा, वीरेंद्र नायक, निमु मांडी, राजू किस्कू, जवाहर लाल नायक, मदन नायक, धिरेन नायक, रवि नायक, गुणाधर नायक, कन्हाई नायक, माताल मांडी, सनातन नायक गुरूपदो नायक समेत अन्य किसान उपस्थित थे.
