बड़बिल : टाटानगर-बड़बिल पैसेंजर को बोलानी तक विस्तार किये जाने की मांग को लेकर आठ मार्च से शुरू हुई तीन दिनों की आर्थिक नाकेबंदी रेलवे के आश्वासन पर रविवार रात स्थगित कर दी गयी. रात लगभग 9.30 बजे रेलवे की ओर से वरीय परिचालन प्रबंधक ने फोन पर आंदोलनकारियों से बात की.
बोलानी विकास परिषद से रेलवे ने विभिन्ना मांगों के पर 15 दिनों का समय मांगा. रेलवे ने परिषद को आश्वासन दिया है कि 15 दिन के भीतर रेलमंडल हेड क्वार्टर में ट्रेन के विस्तार पर बैठक कर अंतिम समाधान निकाला जायेगा. इधर बोलानी विकास परिषद के महासचिव शिबशिस नंदा ने कहा है की ट्रेन के विस्तार के लिए जारी आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि रेलवे के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया है. 15 दिन तक हम इंतजार करेंगे इसके बाद सभी विकल्पों पर विचार किया जायेगा. परिषद ने रेलवे को चेताया है कि उनकी मांग नहीं मानी गयी तो आंदोलन तेज होगा.
