चक्रधरपुर : रेलवे आरइ कॉलोनी पी ब्लॉक में चोरों ने शुक्रवार की रात तीन रेल आवासों में ताला तोड़ कर चोरी कर ली. चोरों ने आरई कॉलोनी बजरंगबली मंदिर की दानपेटी तक को नहीं छोड़ा. पूरी पेटी को चोर ले गये. शुक्रवार रात आरई कॉलोनी पी ब्लॉक क्वार्टर संख्या पी 45/1 निवासी मंदीप सिंह के आवास में चोरों ने आवास के मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया.
अंदर के दरवाजे का ताला तोड़ने के क्रम में घर वालों की नींद खुल गयी. लोगों के जागते ही चोर फरार हो गये. घरवालों ने बताया कि चोरों की संख्या चार थी. दूसरी घटना आरई कॉलोनी क्र्वाटर संख्या ई 57/2 निवासी रेलकर्मी कुंतल रॉय के आवास में घटी. चोरों ने रेल आवास के तीनों दरवाजे का ताला तोड़ कर चोरी कर ली. आवास में कोई मौजूद नहीं था. तीसरी घटना में चोरों ने ड्राइवर कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के दान पेटी को निशाना बनाया.
