सिमडेगा. देश में लगातार बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ गुरुवार को झामुमो जिला समिति ने धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने किया. धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की. जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है. रसोई गैस से लेकर खाद्य सामग्री तक हर जरूरी वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम लोगों का जीवन संकट में पड़ गया है. कहा कि केंद्र सरकार को गरीबों व आम जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि छोटे गैस सिलेंडर पर 261 और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 993 की वृद्धि कर केंद्र सरकार ने छोटे व्यापारियों, होटल व ढाबा संचालकों, ठेला-खोमचा लगाने वालों और मेहनतकश लोगों की कमर तोड़ने का काम किया है. उन्होंने कहा कि आज देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है. जिला सचिव मो शफीक खान ने कहा कि यह सिर्फ मूल्य वृद्धि नहीं, बल्कि आम जनता की जेब पर सीधा हमला है. रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, पेट्रोल-डीजल समेत हर जरूरी चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं, तो झामुमो सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगा. झामुमो महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने कहा कि महंगाई की सबसे बड़ी मार आज महिलाओं पर पड़ रही है. हर घर की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और माताओं-बहनों के लिए परिवार चलाना कठिन होते जा रहा है. कहा कि भाजपा सरकार ने गैस सिलेंडर का दाम बढ़ा कर सीधे महिलाओं के चूल्हे पर प्रहार किया है. मौके पर जिला उपाध्यक्ष रितेश बड़ाइक, ओसकर डांग, मो सेराजूदिन, नोवास केरकेट्टा, रोस प्रतिमा सोरेंग, फिरोज अली, सुनील खेस, नुसरत खातून, मो इरशाद, प्रफुलित डुंगडुंग, धाराम दास तोपनो, संगठन सचिव वकील खान, किशोर डांग, मो शहीद, नगर अध्यक्ष अनश आलम, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोहम्मद शकील अहमद, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद तिर्की, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बाड़ा, प्रखंड सचिव मिन्हाज राजन, बोलबा प्रखंड सचिव जैनुल अनसारी, कोलेबिरा प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश बागे, कोलेबिरा प्रखंड सचिव ब्रिश डुंगडुंग, बानो प्रखंड उपाध्यक्ष तनवीर आलम आदि उपस्थित थे.
सरकार को गरीबों व आम जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं : जिलाध्यक्ष
देश में बढ़ती महंगाई को लेकर झामुमो ने दिया धरना, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
