जर्जर सड़क से परेशान वार्ड तीन के लोग, हादसे का बढ़ा खतरा
सोनार टोली से ठाकुर टोली तक सड़क बदहाल
सोनार टोली से ठाकुर टोली तक सड़क बदहाल
तरुण, सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन स्थित सोनार टोली से ठाकुर टोली जाने वाली सड़क की जर्जर हालत से हजारों लोग परेशान हैं. यह सड़क सोनार टोली मुख्य पथ से होकर ठाकुर टोली, हरिजन टोली होते हुए कुबी टोली तक जाती है, जिससे कई बस्तियों का सीधा संपर्क बना हुआ है. वर्तमान में सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. नाली के बीच से गुजरने वाले हिस्से में बना स्लैब टूट गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है. हल्की बारिश में ही गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों व दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस सड़क से ठाकुर टोली, डिफेंस कॉलोनी, ढेबर ग्राम, हरिजन टोली, भोक्ता टोली व कुबी टोली सहित आसपास की कई बस्तियों के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं. इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत या निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर परिषद को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासन और वार्ड पार्षद की उदासीनता के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है. वार्ड निवासी मुरारी प्रसाद ने बताया कि सोनार टोली मुख्य पथ से बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते में नाली का स्लैब टूट चुका है, जिससे आवागमन खतरनाक हो गया है. वहीं बंटी शर्मा ने कहा कि मुख्य सड़क में सैकड़ों गड्ढे बन गये हैं. अगम शरण मिश्रा व श्याम सिंह ने भी सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए शीघ्र निर्माण की मांग की है.