वारंट निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : एसपी

बैठक. थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का दिया गया निर्देश

सिमडेगा. एसपी के सभागार कक्ष में सोमवार को लंबित वारंटों, कुर्की कार्यवाही, स्थायी वारंटों व मालखाना प्रबंधन से जुड़े मामलों की समीक्षा को लेकर बैठक हुई. अध्यक्षता एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने की, जिसमें जिले की विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई अहम दिशा-निर्देश दिये गये. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित गिरफ्तारी व गैर जमानती वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि वारंट निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जिन अभियुक्तों के खिलाफ बार-बार वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कुर्की की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाये. स्थायी वारंटों की समीक्षा करते हुए ऐसे अभियुक्तों की सूची का पुनः सत्यापन कराने और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिये गये. लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया. मालखाना प्रबंधन को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया. सभी थानों के मालखानों का नियमित निरीक्षण, अभिलेखों का अद्यतन रखरखाव तथा जब्त सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. साथ ही न्यायालय के आदेशानुसार जब्त माल के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने को कहा गया. एसपी ने मासिक कार्य विवरणी व निजी दैनिकी के नियमित संधारण पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. विभिन्न मामलों से संबंधित अंतिम प्रतिवेदन (फाइनल/क्लोजर रिपोर्ट) को भी समय पर निष्पादित करने को कहा गया. बैठक में स्पष्ट किया गया कि कार्य में लापरवाही पाये जाने पर संबंधित पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. एसपी ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जवाबदेही तय करने की बात कही. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाये रखने के लिए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करना आवश्यक है. आम जनता में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी और पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया. बैठक में वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव समेत सभी अंचल पुलिस निरीक्षक उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी थाना व ओपी प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >