सिमडेगा कॉलेज में इग्नू के छात्रों के लिए अभिप्रेरणा बैठक
सिमडेगा कॉलेज में इग्नू के छात्रों के लिए अभिप्रेरणा बैठक
सिमडेगा. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि (इग्नू) के स्टडी सेंटर सिमडेगा कॉलेज में जनवरी 2026 सत्र में नामांकित विद्यार्थियों के लिए रविवार को अभिप्रेरणा बैठक हुई. कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली, परीक्षा प्रक्रिया व विभिन्न शिक्षण संसाधनों की जानकारी प्रदान करना था. इग्नू के समन्वयक प्रोफेसर विद्याशंकर कुमार ने बताया कि इग्नू की अध्ययन प्रक्रिया पारंपरिक विश्वविद्यालयों से भिन्न है तथा यहां स्वाध्याय पर जोर दिया जाता है. उन्होंने इग्नू की अध्ययन व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया व विद्यार्थियों को मिलने वाली विभिन्न शैक्षणिक सहायताओं पर चर्चा की. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, समय पर असाइनमेंट जमा करने तथा विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं व वेबसाइट पर निरंतर ध्यान देने की अपील की. साथ ही विद्यार्थियों को री-रजिस्ट्रेशन, परीक्षा फॉर्म व अध्ययन सामग्री से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इग्नू के विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ऑनलाइन शिक्षण संसाधनों की आधिकारिक वेबसाइट एवं अन्य ऑनलाइन शैक्षणिक माध्यमों के बारे में बताया गया. मौके पर इग्नू के लगभग 40 शिक्षार्थी व एकेडमिक काउंसलर प्रो जितेश पासवान, प्रो उर्मिला देवी, प्रो सचिन कुमार एवं प्रो कौशिक कुमार के साथ-साथ अध्ययन केंद्र के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे.