मनोज सिन्हा अध्यक्ष व श्यामसुंदर मिश्रा बने सचिव

मनोज सिन्हा अध्यक्ष व श्यामसुंदर मिश्रा बने सचिव

सिमडेगा. जिले में साहित्य व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त कंचन सिंह की उपस्थिति में परिसदन भवन में साहित्यकारों की बैठक हुई. बैठक में पूर्व प्रस्ताव के अनुरूप सिमडेगा साहित्य सभा का औपचारिक गठन किया गया, जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक लोकगीतों, भाषाओं व साहित्यिक परंपराओं को संरक्षित, संवर्धित व प्रोत्साहित करना है. बैठक के दौरान साहित्य सभा की नियमावली तैयार कर सभी उपस्थित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गयी. इसके बाद सभा के सुचारू संचालन के लिए कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया. समिति में उपायुक्त को पदेन प्रधान संरक्षक बनाया गया. जबकि मनोज सिन्हा मनु को अध्यक्ष, श्याम सुंदर मिश्रा को सचिव व राकेश अग्रवाल चिंटू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी. कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में बिंदु प्रसाद, मुनेश्वर साहु, विष्णु देव प्रसाद और जैकब लकड़ा का चयन किया गया. चयन प्रक्रिया के बाद संस्था के संचालन, विस्तार व पंजीकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी. इस पहल से जिले के साहित्यकारों, कवियों व कलाकारों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वह अपनी रचनात्मक प्रतिभा को विकसित कर सकेंगे. उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि यह साहित्य सभा स्थानीय रचनाकारों को सशक्त मंच प्रदान करेगी. इसके माध्यम से नयी पीढ़ी को साहित्यिक विधाओं, रचनात्मक तकनीकों तथा सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया जायेगा, जिससे जिले की साहित्यिक व सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी. सिमडेगा साहित्य सभा का सोशल मीडिया पेज भी बनाने पर चर्चा की गयी. मौके पर कवयित्री निर्मला टोप्पो ने अपनी लिखी कविता संग्रह उपायुक्त को भेंट की. बैठक में जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला नजारत उपसमाहर्ता आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >