अंबापानी जीइएल चर्च. 46 युवक-युवतियों का दृढ़ीकरण संस्कार
ठेठइटांगर : प्रखंड के अंबापानी जीइएल चर्च परिसर में दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर 46 युवक-युवतियों को दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण कराया गया. इसमें 26 युवक एवं 20 युवतियां शामिल हैं. जॉनसन टेटे की अगुवाई में मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया गया. मिस्सा अनुष्ठान के बाद अभिलाषी युवक-युवतियों ने पुरोहितों का स्वागत करते हुए उन्हें समारोह स्थल तक लाया. पुरोहितों ने सभी अभिलाषियों को एक-एक कर दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण कराया. मुख्य अनुष्ठाता रेव्ह संतोष सुरीन ने अपने संदेश में कहा कि दृढ़ीकरण संस्कार से पवित्र आत्मा की प्राप्ति होती है और हम प्रभु के नजदीक पहुंच जाते हैं.
दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण करने के बाद कलीसिया के प्रति हमारी जवाबदेही बढ़ जाती है. हमें ईश्वर पर विश्वास करते हुए ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें परमेश्वर के संदेश को आत्मसात कर उसी के मुताबिक कार्य करना चाहिए. प्रभु यीशु का हम जितना भी गुणगान करेंगे, हमें सुख एवं आनंद की प्राप्ति होगी और हमारा जीवन सुखमय होगा. दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण कराने में रेव्ह जोसेफ कंडीर, रेजन केरकेट्टा, निरल समद, प्रचारक बिलकन सुरीन, हीराम लकड़ा, नहुम समद, प्रभु सहाय, मारकस डुंगडुंग, एनेम लुगून व जुबलेन होरो आदि ने सहयोग किया.
दृढ़ीकरण संस्कार के बाद सभी अभिलाषियों को माला पहना कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य जेम्स लुगून, सुलेमान लकड़ा, वाल्टर लुगून, सुरसेन लकड़ा, बेदान समद, अमोन टेटे, फिलिप भेंगरा, विलियम तिर्की व हनुक लकड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
