झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ ने निकाला विजय जुलूस
सिमडेगा : सरकार द्वारा माटी कला बोर्ड का गठन किये जाने की खुशी में झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ जिला इकाई द्वारा विजय जुलूस निकाला गया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल एवं माटी कला बोर्ड के चेयरमैन सह समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्रीचंद्र प्रजापति उपस्थित थे. आगत अतिथियों को गाजे-बाजे एवं मोटरसाइकिल जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल अलबर्ट एक्का स्टेडियम तक लाया गया.
यहां पारंपरिक तरीके से समाज के लोगों ने स्वागत किया. कार्यक्रम का उदघाटन अतिथियों ने किया. मौके पर विधायक बाटुल ने कहा कि सरकार ने माटी कला बोर्ड का गठन कर प्रजापति कुम्हार जाति को सम्मान दिया है. सरकार से हम यह भी चाहते हैं कि समाज के लोगों को प्रशिक्षित कर माटी कला के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य करे. उन्होंने कहा कि माटी कला को आधुनिक बनाया जा सकता है. आधुनिकता के आधार पर देश- विदेश में प्रसिद्धि मिल सकती है. उन्हाेंने कहा कि आज हमारे समाज का विरासत लुप्त होता जा रहा है, जिसे पुन: स्थापित करने की जरूरत है. बोर्ड के चेयरमैन सह प्रदेश अध्यक्ष श्रीचंद्र प्रजापति ने कहा कि बोर्ड का गठन कर सरकार ने अच्छा कदम उठाया है.
इससे समाज के लोगों को बढ़ावा मिलेगा तथा बेरोजगारी भी दूर होगी. स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष पूना बेसरा ने किया. कार्यक्रम के बाद विजय जुलूस निकाला गया. जुलूस की शुरुआत अलबर्ट एक्का स्टेडियम से की गयी. जुलूस में शामिल लोग नगर भ्रमण करते हुए पुन: अलबर्ट एक्का स्टेडियम पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया. कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता सदन प्रजापति, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, शंभु प्रजापति व विष्णु महतो के अलावा काफी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे.
