सरायकेला से शचींद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: झारखंड में खरसांवा के प्रिंस अजहर इस बार वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज और विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में गिने जाने वाले क्रिस गेल की कप्तानी में नॉर्दर्न चैलेंजर्स की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे. टीम में श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान भारत की विश्व विजेता टीम के सदस्य एस श्रीनाथ सहित कई अन्य अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इस बार लीग पहले से ज्यादा रोमांचक और आकर्षक होने वाली है.
छह टीमों के बीच खेली जाएगी बिग क्रिकेट लीग
लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें अन्तर्राष्ट्रीय सितारों के साथ देशभर के स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिलेगा. अजहर के अलावा जमशेदपुर के दो अन्य खिलाड़ी विशाल प्रसाद और शुभम सिंह का चयन भी इस लीग के लिए हुआ है.
25 हजार खिलाड़ियों में से चुने गए 60 क्रिकेटर
भारत के 16 बड़े शहरों में हुए फिजिकल और डिजिटल ट्रायल में देश भर के लगभग 25000 से ज्यादा क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से कुल 60 क्रिकेटरों का चयन बिग क्रिकेट लीग के लिए किया गया है.
सीजन-2 में दिखेंगे कई अंतरराष्ट्रीय सितारे
सीजन-2 में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिश गेल भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ऑलराउंडर इरफान पठान भारत के महान स्पिनर हरभजन सिंह न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के साथ श्रीलंका के एंजलो मैथ्यूज, तिसारा परेरा और पवन नेगी जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं.
सौरव तिवारी भी आ सकते हैं नजर
बिग क्रिकेट लीग में जमशेदपुर के जाने-माने अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेटर और वर्तमान में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरव तिवारी भी एम पी टाइगर्स की टीम से खेलते हुए नजर आ सकते हैं, जिससे झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है.
क्रिस गेल की कप्तानी में खेलना गर्व की बात : अजहर
अजहर ने कहा कि क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी की कप्तानी में खेलना उनके लिए गर्व की बात है और सीखने का बड़ा मौका है. अजहर बिग क्रिकेट लीग सीजन-1 में भी खेले थे और भारत के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान की कप्तानी वाले टीम एम पी टाइगर्स का हिस्सा थे.
लीग पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
भारत के पूर्व कप्तान और लीग के कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और लीग के प्रेसिडेंट रुद्र प्रताप सिंह,वेस्ट इंडीज के महान तेज गेंदबाज लीग के वाइस प्रेसिडेंट कोर्टनी वाल्श और लीग के को-फाउंडर अनिरुद्ध चौहान ने सभी चयनित क्रिकेटरों को बधाई देते हुए सीजन-2 के लिए शुभकामनाएं दी.
