खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी स्थित कमलपुर में ताज कमेटी की ओर से हजरत ताजी हबीबुल्लाह साह का सालाना उर्स श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. उर्स में आसपास के गांवों समेत दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक और सूफियाना माहौल बना रहा. कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की और अमन, शांति तथा खुशहाली की दुआ मांगी. आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. देर रात तक कव्वाली कार्यक्रम के कारण माहौल भक्तिमय बना रहा.
विधायक दशरथ गागराई ने की चादरपोशी
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने हजरत ताजी हबीबुल्लाह साह के मजार पर चादरपोशी कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद विधायक ने फीता काटकर कव्वाली कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि उर्स जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द का संदेश देते हैं. उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की.
विकास कार्यों की दी जानकारी
उर्स कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी भी लोगों को दी. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं.
यूपी और बिहार के कव्वालों ने जमाया रंग
उर्स के अवसर पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा. उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से पहुंचे इश्तियाक भारती और बिहार के गया से पहुंचे बच्चा नसीम ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया. दोनों कव्वालों ने सूफियाना कलाम और धार्मिक गीत पेश कर ऐसा समां बांधा कि लोग देर रात तक झूमते रहे. कव्वाली के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही और लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की.
इसे भी पढ़ें: महंगाई के विरोध में चतरा झामुमो का धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ किया जमकर नारेबाजी
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में ताज कमेटी के सदस्यों की अहम भूमिका रही. इस दौरान जन्नात हुसैन, शेख मब्दुल्लाह, मो. बबलू, मो. मुमताज, मो. यासीन, मुजाहिर अंसारी, खुर्शीद अली, नूर मुहम्मद, इम्तियाज अंसारी और मो. अख्तर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: पलामू के जीएलए और जेएस कॉलेज में बंद होगी आर्ट्स की पढ़ाई, चैनपुर मॉडल डिग्री कॉलेज में होगी शुरुआत
