साहिबगंज बोरियो प्रखंड की हाथीगढ़ तेलो पंचायत अंतर्गत पचाड़ पहाड़ गांव में पिछले एक माह से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. सोमवार को भाजपा नेता बजरंगी प्रसाद यादव के नेतृत्व में पहाड़िया समुदाय के दर्जनों लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर शीघ्र ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की. बताया गया कि करीब एक माह पूर्व आकाशीय बिजली गिरने से गांव का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था. इसके चलते लगभग 34 पहाड़िया आदिम जनजाति परिवार अंधेरे में जीवन यापन करने को विवश हैं. बिजली आपूर्ति बाधित होने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई है तथा रात्रि में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. गांव के प्रधान पौलुस मालतो, भीमसेन, बराहुन मालतो, सुकरा मालतो, मिठुन पाड़िया, गेदव पीडमा एवं सैमसन पाइन आदि ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है. भाजपा नेता बजरंगी प्रसाद यादव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण विद्युत विभाग का घेराव करेंगे. इस मौके पर भाजपा नेता कृष्णा शर्मा, विजय सिन्हा, पवन सिंह, अमर सिंह, कुंदन पासवान, हिरण तांती सहित कई लोग उपस्थित थे. वहीं, सहायक अभियंता ज्ञानचंद ने कहा कि विभाग को समस्या की जानकारी है और शीघ्र ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
