बरहरवा. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पथरिया पावर सब स्टेशन से जुड़े दर्जनों गांवों में इन दिनों पावर कट की समस्या काफी बढ़ गयी है. उपभोक्ताओं ने बताया कि जब कभी बारिश होती है, तो अचानक फॉल्ट हो जाता है और जब बारिश खत्म होती है, तो उस फॉल्ट को ठीक करने में कई घंटे लग जाते हैं. इस दौरान अगर विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं पदाधिकारी को दूरभाष पर जानकारी प्राप्त करने के लिये फोन किया जाता है तो वे लोग फोन रिसीव नहीं करते हैं. स्थानीय उपभोक्ताओं ने कहा कि पथरिया पावर सब स्टेशन से कोटालपोखर, रामनगर, डोमपाड़ा एवं गुमानी फीडर के सभी गांवों को रोटेशन के आधार पर भी कम पावर सप्लाई होती है. ट्रांसफॉर्मर में कई स्थानों पर अधिक लोड रहने के कारण तथा बारिश की वजह से फॉल्ट की समस्या बार-बार उत्पन्न होती है. इधर, पूरे मामले को लेकर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सत्यम मरांडी ने कहा कि प्राप्त मेगावाट के हिसाब से रोटेशन के आधार पर बिजली सप्लाई की जाती है. तेज बारिश के कारण विद्युत तार में फॉल्ट आता है. जिसका समाधान बारिश खत्म होने के साथ ही स्थानीय विद्युत मिस्त्री द्वारा करा लिया जाता है एवं सुचारू आपूर्ति की जाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
