गंगा कटाव से प्रभावित गोपालपुर दियारा के लिए माकपा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

राहत शिविर, पुनर्वास, मुआवजा और आवश्यक सुविधाओं की मांग

साहिबगंज

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी, साहिबगंज के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को डीसी से मुलाकात कर साहिबगंज प्रखंड अंतर्गत रामपुर स्थित सकरीगली पंचायत के गोपालपुर दियारा में गंगा कटाव से उत्पन्न हालात को लेकर दस सूत्री मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र में कहा गया है कि बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किये जायें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाये. वहीं, बेघर भूमिहीनों के पुनर्वास के लिए सरकारी जमीन चिन्हित कर आवास की व्यवस्था करने की मांग की गयी. बनवा देवी की नाव डूबने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें आपदा प्रबंधन समिति से मुआवजा देने, गंगा में बह चुके स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों को अस्थायी रूप से पुनः संचालित करने की बात भी उठायी गयी. गोपाल दियारा में दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न स्थलों पर सोलर लाइट लगाने, जन वितरण प्रणाली की दुकानों का गोदाम दियारा क्षेत्र में स्थानांतरित करने तथा वहीं राशन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गयी. साथ ही यह सुनिश्चित करने की अपील की गयी कि सभी राशन कार्डधारियों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम अनाज मिले और इससे कम अनाज देने वाले डीलरों पर कार्रवाई की जाये. दियारा क्षेत्र में बाढ़ से नष्ट हुई लगभग 100 एकड़ फसल का मुआवजा देने, पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और आने-जाने के लिए एक सरकारी नाव की व्यवस्था की भी मांग की गयी. प्रतिनिधिमंडल में जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड इश्तियाक, श्याम सुंदर पोद्दार, आशीष रंजन, सलीम शेख और अमरनाथ चौधरी शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >