झारखंड सरकार पत्थर, बालू व कोयला चोरी करवा रही : बाबूलाल मरांडी
मंडरो स्थित फॉसिल्स पार्क के पास सांस्कृतिक कला भवन परिसर में कार्यकर्ताओं को किया संबाेधित
By ABDHESH SINGH | Updated at :
मंडरो
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सोमवार को मिर्जाचौकी पहुंचे. भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान मिर्जाचौकी में पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वनाथ साह उर्फ पप्पू साह ने अपने आवास पर बाबूलाल मरांडी का फूलमाला और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया. बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी जनसमस्याओं को सुना. इसके बाद मंडरो स्थित फॉसिल्स पार्क के पास सांस्कृतिक कला भवन परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार पत्थर, बालू और कोयला तक की चोरी करवा रही है. जिस राज्य की सरकार बैठकर धन-संपदा की चोरी कराये, उस राज्य का भला कैसे होगा. उन्होंने कहा कि हर महीने प्रत्येक व्यक्ति को पांच किलो अनाज केंद्र सरकार की ओर से मुफ्त में दिया जाता है. इसी प्रकार प्रिमिटिव ट्राइब्स (जैसे यहां रहने वाले पहाड़िया समुदाय) के लिए भी मुफ्त अनाज भेजा जाता है, लेकिन उन्हें भी समय पर अनाज नहीं मिल पाता. यहां तक कि उस अनाज में भी गड़बड़ी की जा रही है. इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्ण रूप से संगठित होकर कार्य करना होगा. वहीं लोबिन हेंब्रम ने कहा कि सूर्या की हत्या कर उसे एनकाउंटर बताया गया. झारखंड से लोग पलायन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही. आज बेटा-बेटी डिग्री लेकर घूम रहे हैं, पर राज्य सरकार वैकेंसी तक नहीं निकाल रही है. यह अबुआ सरकार केवल दिखावे की सरकार है.
संगठन मजबूत बनाने को लेकर की रायशुमारी
सांस्कृतिक कला भवन परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर राय-सुमारी की. मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष विश्वनाथ साह उर्फ पप्पू साह, बद्री भगत, नवल किशोर चौरसिया, अशोक वर्मा, ललन वर्णवाल, प्रदीप ओझा, प्रियंका शर्मा, रविश कुमार, सचिन जयसवाल, मनोज वर्मा, विष्णु भगत, प्रयाग भगत, प्रमोद भगत, जितेंद्र पंडित, अनिल मुर्मू, सलखु चंद्र हांसदा, राजेंद्र मुर्मू, मंजर आलम, बाबूलाल हांसदा और लच्छु मुर्मू उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है