बिचौलिए से जॉब कार्ड वापस दिलाने की मांग
बरहरवा : प्रखंड क्षेत्र के पतना पंचायत स्थित भीमपाड़ा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने मनरेगा योजना में फर्जीवाड़ा करने व बिचौलिया के पास जॉब कार्ड जमा रहने की शिकायत बीडीओ से की है. इस दौरान मजदूरों ने बीपीओ अमित भगत से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली. मजदूर इस्माइल शेख, निताई सिंह, मेघनाद मंडल, अशोक रजक सहित दर्जनों मजदूरों का कहना है कि उनका जॉब कार्ड तो बना है.
लेकिन गांव के एक बिचौलिये द्वारा उनका जॉब कार्ड रख लिया गया है. और उसी जॉब कार्ड के आधार पर मनरेगा में कार्य दिखा कर पैसे की निकासी की जा रही है. जिसकी जांच होनी चाहिए. इधर मामले को लेकर बीडीओ सदानंद महतो ने कहा कि मजदूरों का लिखित शिकायत प्राप्त हुआ है. मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी. मौके पर जिप सदस्य दिनेश तूरी, प्रमुख रूपा सोरेन, उपमुखिया प्रदीप भगत सहित अन्य लोग मौजूद थे.
