छिनतई, ठगी व लूट से रेल यात्री परेशान
राजमहल/बरहरवा : मालदा रेलमंडल के बरहरवा-साहिबगंज रेलखंड पर ट्रेनों में लूट, छिनतई व पॉकेटमारी से यात्री काफी परेशान हैं. तीनपहाड़ से संचालित लगभग 12 सदस्यीय पतवा गिरोह आठ वर्षों से लूट व छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं. पतवा का गिरोह सर्वप्रथम मालदा मंडल के ही कहलगांव से भागलपुर रेलवे स्टेशन के बीच छिनतई घटना को अंजाम देता था.
जबकि वर्तमान में यह गिरोह बरहरवा से साहिबगंज तक ट्रेनों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है. पतवा गिरोह में मास्टरमाइंड पतवा के अलावे साहिबगंज के चुन्नू भी मुख्य सदस्य के रूप में अहम भूमिका बतायी जाती है. गिरोह में तीनपहाड़, तालझारी, महाराजपुर, सकरीगली व साहिबगंज के सदस्य शामिल हैं.
हॉकर के इशारे पर करते हैं कार्य :
सूत्र की माने तो पतवा गिरोह के सभी सदस्यों का ट्रेन के कुछ हॉकर के साथ काफी अच्छी तालमेल है. जो पैसेंजर की गतिविधि छिनतई पार्टी को बताता है. सभी सदस्य आपस में कार्य का विभाजन कर घटना को अंजाम देते हैं. जो भैकंप मारने का भी कार्य करते हैं. पतवा का एक हॉकर मित्र का सहयोग देने में अहम योगदान रहा है.
ट्रेनों में नहीं है निबंधित हॉकर
बरहरवा. भागलपुर रेलखंड में ट्रेनों पर चलने वाले कुछ हॉकर को छोड़कर अधिकांश हॉकरों का निबंधन मालदा रेलमंडल से नहीं है. ऐसे में हॉकर व अपराधी की सत्यापन करना कहीं न कहीं रेल पुलिस को चुनौती है.
