साहिबगंज : शराब के नशे में दो युवकों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया. पटनिया टोला के रहने वाले राहुल चौधरी व रेलवे क्वार्टर में रह रहे पूर्व विधायक ध्रुव भगत के ड्राइवर राजबहादुर ने दोपहर में जमकर शराब पी तथा शराब पी कर पटेल चौक से लेकर स्टेशन चौक तक सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के साथ धक्का मुक्की की. एक ठेला वाला को भी मारा. स्टेशन चौक पर एक युवक शोभनपुर भट्ठा के साथ भी मारपीट की.
मौके पर स्टेशन चौक पर तैनात ट्रैफिक हवलदार तुलसी सिंह आकर समझाने लगे तो उन्हीं के साथ हाथापाई कर दी. इसकी सूचना एसपी सुनील भास्कर को दी गयी. सूचना मिलते ही नगर थाना के गश्ती दल के सदस्यों ने एक बु्लेट से भाग रहे राहुल चौधरी व राजबहादुर को कॉलेज के समीप टाइगर मोबाइल के सहयोग से पकड़ लिया. एसपी सुनील भास्कर नगर थाना पहुंच कर दोनों युवकों को जमकर क्लास ली. सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं मारपीट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
