कुव्यवस्था . तालझारी इलाके में जनवितरण व्यवस्था में अंधेरगर्दी
राजमहल के पहाड़िया इलाकों में जनवितरण व्यवस्था पर बिचौलिया पूरी तरह हावी है. डीलरों को वही अनाज देते हैं. कई डीलरों को पता भी नहीं कि सरकारी गोदाम कहां है.
राजमहल : साहिबगंज के जनवितरण व्यवस्था में बिचौलिया इस कदर हावी हैं कि आधे से अधिक काम तो वही निबटा रहे हैं. बिचौलिया ही गोदाम से अनाज का उठाव करते हैं और डीलरों तक पहुंचाते हैं. कई डीलरों को तो यह भी पता नहीं है कि एसएफसीआइ का गोदाम कहां है. राजमहल के पहाड़िया इलाकों में एेसी बातें ज्यादा सामने आ रहीं हैं. बता दें कि इलाके में अनाज वितरण की बागडोर प्रशासन ने स्वयं सहायता समूहों के जिम्मे सौंपा है. लेकिन कई समूहों को इतनी भी जानकारी नहीं है कि कौन से गोदाम से अनाज का उठाव किया जाता है.
ये सभी बिचौलिया से ही उनके मनमुताबिक अनाज लेते हैं. पहाड़िया इलाकों के स्वयं सहायता समूहों से संपर्क करने के बाद जो भी बातें सामने आयीं हैं वह बेहद चौंका देने वाली हैं. कुल मिला कर कहा जाय तो बिचौलिया ही गोदाम से अनाज का उठाव करते हैं और जितनी मरजी होती है समूहों को देकर बांकी के सारे अनाज गटक जाते हैं. बता दें कि साहिबगंज जिले से अनाज बंगलादेश भेजने के मामले में सरकार भी गंभीर हुई है इस पर जांच भी बैठी है लेकिन इस कुव्यवस्था में सुधार के संकेत तनिक भी नहीं दिख रहे. जो पहले व्यवस्था चल रही थी वही अब भी चल रही है. बिचौलिया बेखौफ अपनी मंशा को अंजाम दे रहे हैं. कुल मिला कर पहाड़िया इलाकों की जनवितरण व्यवस्था को बिचौलियों ने अपने चंगुल में फंसा रखा है.
पहाड़िया इलाके के डीलर नहीं जानते कहां है एफसीआइ गोदाम
कहते है एसडीओ
अनुमंडल पदाधिकारी चिंटु दोराई बुरू ने कहा कि यह काफी गंभीर मामला है. ग्रामीणों व डीलरों द्वारा शिकायत नहीं कि गई है. जल्द ही मामले को संज्ञान में लेकर कारवाई की जायेगी.
