पत्रकार इंद्रजीत व राजदेव की हत्या से पत्रकारों ने दिया धरना, कहा
साहिबगंज : देश के चौथे स्तंभ पर हो रहे हमले व पत्रकार की निर्मम हत्या के विरोध में रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक गांधी चौक पर साहिबगंज जिले के पत्रकारों ने धरना दिया. धरना का नेतृत्व वरिष्ठ पत्रकार रामजनम मिश्रा ने किया. प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के 35 से 40 पत्रकार धरना पर बैठे.
एक स्वर में पत्रकारों ने कहा कि चतरा के ताजा टीवी के पत्रकार इंद्रजीत यादव व सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या से पूरे देश का मीडिया समूह तीव्र निंदा कर रही है. पुलिस मृतक पत्रकार के हत्या के आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दे. राज्य सरकार मृतक पत्रकार के आश्रितों को एक करोड़ रुपया मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दें. वही घटना स्थल पर पत्रकारों ने काला बिल्ला भी लगाया.
मौके पर वरिष्ठ पत्रकार रामजनम मिश्रा, सच्चिदानंद मिश्रा, अभिजीत राय, सुनील ठाकुर, मिथिलेश सिंह, सुरेश निर्मल, पंकज वर्मा, अमित सिंह, रंजन पासवान, रवि मिश्रा, शिव शंकर निराला, प्रवीण कुमार, स्वरूप कुमार, तौकीर राज, मनोज साह, राजेंद्र पाठक, मिथिलेश कुमार सिंह, निशांत, मुमताज मुनानी, रोहित कुमार, धनंजय मिश्रा, डाबर इमरान, प्रीतम पांडेय, सुधाकर समेत दर्जनों मीडिया कर्मी मौजूूद थे.
भूतपूर्व सैनिक संघ हत्या के विरोध में करेगा आंदोलन
सैनिक विकास पोखरिया प्रधान कार्यालय में भूतपूर्व सैनिकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी. इसमें संस्थान के सचिव अशोक कुमार यादव, ब्रह्मानंद शर्मा, मंगल यादव, गोपाल प्रसाद की अध्यक्षता में पत्रकारों की हत्या का विरोध किया गया. कहा : आज लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. लोक तांत्रिक देश में इस तरह की घटना शर्म की बात है.
भारत माता के वीर सिपाही पत्रकार की शहादत को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए. भारत भ्रष्टाचार की जननी है. संस्थान द्वारा बिहार व झारखंड में शोक संवेदना व्यक्त करने के लिये रथ रवाना किया जायेगा. रथ के माध्यम से शोक लहर व श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पंचायत से प्रखंड स्तर पर होगा ताकि दिवंगत पत्रकार की आत्मा को शांति मिल सके.
सैनिक परिवार भी इस हत्या से शोक संतप्त हैं. सरकार कड़ा रूख अपनाये व मृतक के परिवार को उचित मुआवजा व नौकरी व सुरक्षा प्रदान करें. सुनील चौबे उर्फ बाबा, विनोद राम, विगन राम, शिवजी ने इस हत्या की निंदा की और देश व्यापी आंदोलन करने की बात कही.
पत्रकारों में रोष
पत्रकार हत्याकांड के विरोध में साहिबगंज के पत्रकारों के द्वारा दिये गये धरना को झारखंड राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ ने समर्थन किया है. संताल परगना जोन के उपाध्यक्ष डॉ मोहन पासवान ने कहा कि संघ सरकार से मांग करती है कि पत्रकार के हत्यारे को अविलंब सजा दें और पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट बनायें ताकि पत्रकार भी निर्भिक होकर जनता की आवाज बन सके.
