चोरी हो गये सैकड़ों वोटर आइ कार्ड
लावारिश पड़े हैं प्रखंड में सैकड़ों मतदाता पहचान पत्र
बरहरवा : आज के समय में मतदाता पहचान पत्र की अहमियत काफी बढ़ गयी है. खास कर इस इलाके में वोटर आइडी कार्ड के लिए कुछ ज्यादा ही. वर्तमान में साइबर क्राइम का एक जरिया ये वोटर आइडी कार्ड भी बन रहा है. लेकिन बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में एक पुराना भवन है जहां सैकड़ों की संख्या में वोटर आइ कार्ड लावारिश अवस्था में फेंके पड़े हैं. कुछ दिन पहले इस भवन में चोरी भी हुई थी. चोर सैकड़ों आइडी कार्ड अपने साथ समेट कर ले गये थे.
लेकिन प्रखंड प्रशासन ने इन कार्डों को सुव्यवस्थित व सुरक्षित करने की जहमत तक नहीं उठायी. यहां के खिड़की दरवाजे भी टूटे हुए हैं. कोई भी आदमी आकर यहां वोटर कार्ड लेकर जा सकता है. शरारती तत्व इसका दुरुपयोग भी कर सकते हैं. लेकिन शासन को इसकी फिकर नहीं. जिस भवन की बात कर रहे है वहां पूरी तरह कचरा भरा हुआ है. इसे देखने मात्र से ही लापरवाही साफ नजर आती है.
चोरी के बाद भी नहीं चेता प्रशासन
करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन बीडीओ मो आबिद हुसैन के समय उक्त भवन में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी किया था.चोरों ने उक्त जर्जर भवन में पड़े कागजात को अस्त-व्यस्त कर दिया था.शौचालय की ओर से दरवाजा तोड़कर चोर अंदर प्रवेश कर चोरी किया था. शायद कुछ वोटर आइडी कार्ड भी चोरों ने अपने साथ ले गया है.
इसका कोई आंकड़ा प्रशासन के पास नहीं है. तत्कालीन बीडीओ मो आबिद हुसैन ने ताला तोड़कर चोरी कर लिये जाने का शिकायत की थी. किंतु उस वक्त प्रशासन को कुछ ठोस सबूत हाथ नहीं लगा था. जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति हुई थी.
