नेत्र रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग विशेषज्ञ के अलावा फिजीशियन, सर्जन की कमी होगी दूृर
साहिबगंज : साहिबगंजवासियों के लिए अच्छी खबर है कि सदर अस्पताल में जल्द 11 विशेषज्ञ चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. अब उन्हें किसी भी बीमारी के इलाज के लिए भागलपुर, मालदा, जमशेदपुर, धनबाद या रांची के चिकित्सा महाविद्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी. चिकित्सक प्रतिनियुक्ति को लेकर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के विद्यासागर ने पत्र भेजा है. इसकी जनकारी सीएस डॉ बी मरांडी ने कही.
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी झेल रहे सदर अस्पताल को शीघ्र 11 नये विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराया जायेगा. ये चिकित्सक वर्तमान में कार्यरत 22 विशेषज्ञ चिकित्सक के अतिरिक्त होंगे. इसमें नेत्र रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ के अलावा फिजीशियन, सर्जन, चर्म एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ, नाक, कान गला रोग विशेषज्ञ के अलावा रेडियोलॉजिस्ट व पैथौलॉजिस्ट होंगे. उन्होंने बताया कि पत्र में उल्लेख किया गया है कि सूबे के 18 सदर अस्पतालों को आइपीएस मानक के अनुरूप 244 विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराया जायेगा. इसमें साहिबगंज अस्पताल को 11 विशेषज्ञ चिकित्सक मिलेंगे.
