साहिबगंज : नगर परिषद ने नगर क्षेत्र को साफ-स्वच्छ रखने व अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर मुहिम शुरू कर दी है. इसका बुधवार को नेतृत्व सिटी मैनेजर अमित कुमार ने किया. नगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नप की टीम ने घूम-घूमकर लोगों से अपने घर दुकान का कचरा सड़क या नाली में नहीं डालने की अपील की. उसे एक डिब्बे में जमा रखने की अपील की. कहा कि जब भी नप का कूड़ा उठाने वाला वाहन जाये, उस कचरा को उसमें डालें.
नाली को अतिक्रमित कर दुकान मकान बनाने वालों को भी हिदायत दी गयी कि वे दुकान लगावें, लेकिन नाली सफाई करने के लिए जगह छोड़ दें. अमित कुमरा ने बताया कि निर्देश का कड़ाई से पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने शहरवासियों से स्वयं जागरूक होकर नप की इस पहल में सहयोग करने की अपील की. मुहिम शहर के रेलवे स्टेशना रोड, सब्जी मंडी रोड, एलसी रोड, चौक बाजार, गांधी चौक से पटेल चौक तक चलाई गयी. इसमें लक्ष्मी तांती, अनुपलाल हरि, शिव कुमार हरि, अमर कुमार शर्मा आदि कर्मचारी थे.
