साहिबगंज : अपने अधिकार के प्रति सजग रहे. यह बातें साहिबगंज न्यायालय के एसडीजेएम अजय श्रीवास्तव ने मंगलवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में नालसा योजना-7 स्कीम के तहत विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि अपने अधिकार को प्राप्त करने के लिये आपको पहले साक्षर होना होगा. केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी रखनी होगी. तभी आप अपने अधिकार को प्राप्त कर सकते हैं.
उच्च न्यायालय द्वारा विधिक सेवा प्राधिकार के तहत मुहल्लाें व गांव-गांव में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर लोगों को कानूनी जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है. डीआरडीए निदेशक श्रीपति गिरि ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को सौ दिन तक काम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनरेगा योजना चला रही है ताकि लोग काम कर अपना व अपना परिवार का भरण पोषण कर सकें. बीडीओ मिथिलेश कुमार सिंह ने योजना बनाओ अभियान, मनरेगा, इंदिरा आवास, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी.
