विद्यालय में 65 बच्चे लगभग हैं नामांकित
पतना : एक ओर जहां सरकार बच्चों के बीच गुणात्मक शिक्षा देने व स्कूल में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने को लेकर सर्व शिक्षा अभियान, स्कूल चलो अभियान, मध्याह्न भोजन जैसे कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है. वहीं दूसरी ओर पतना प्रखंड के शिक्षा विभाग के पदाधिकारी व शिक्षकों का एक महकमा सरकार के इन योजनाओं की धज्जियां उड़ाने में जुटे हैं. इसका सीधा उदाहरण प्रखंड क्षेत्र के लक्खीपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मांझाीटोला छोटा महगामा में देखने को मिला. मंगलवार सुबह 12:30 बजे प्रभात खबर टीम वहां पहुंची तो पाया कि विद्यालय में एक भी बच्चे उपस्थित नहीं है. वहीं मध्याह्न भी नहीं बन रहा.
विद्यालय में सिर्फ एक पारा शिक्षक छक्कु सोरेन ही मौजूद थे. पूछने पर उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में लगभग 65 बच्चे लगभग नामांकित हैं. जिसमें से मंगलवार को मात्र 10 से 12 बच्चे ही विद्यालय आये हैं. चूंकि विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने के लिये रसोइघर नहीं है. इसलिये सभी बच्चे एमडीएम खाने विद्यालय के सचिव फ्रांसिस हांसदा के घर गये हुए हैं. लगभग आधे घंटे बाद भोजन कर जब बच्चे वापस विद्यालय आये पूछने पर पांचवीं क्लास के छात्र मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री का नाम तक नहीं बता पाये.
