साहिबगंज : राजमहल विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अनंत ओझा ने बुधवार को सुबह 10:30 बजे पुरानी साहिबगंज ओझा टोली में तीन लाख की राशि से विधायक निधि से जीर्णोंद्धार कराये गये पुस्तकालय का उद्घाटन किया.
मौके पर उन्होंने कहा कि साहिबगंज में झारखंड अधिविद परिषद का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने के लिए सरकारी प्रक्रिया शुरू हो गयी है. जैक की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित भी कर दिया गया है. सरकार की स्वीकृति अभी मिलनी बांकी है. स्वीकृति के बाद ही साहिबगंज में जैक का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जायेगा.
विधायक ने कहा कि उन्होंने जैक का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की मांग सरकार से की थी. इस पर अब अमल किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि पुस्तकालय मानव जीवन में सही दिशा का बोध कराता है. युवा इसका लाभ उठायें. मौके पर पुटुस ओझा, श्रीनिवास यादव, पंकज चौधरी, गौतम ओझा, अंनत सिन्हा, सहित दर्जनों मुहल्लेवासी उपस्थित थे.
