साहिबगंज
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं ओडिशा एथलेटिक्स संघ द्वारा 10 से 14 अक्तूबर तक कलिंगा स्टेडियम, भुवनेश्वर में संपन्न 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खेल विभाग द्वारा सिदो कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु एथलीटों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया. बालक अंडर-14 वर्ष आयु में संतोष मुर्मू ट्रायथलन ग्रुप-ए एवं किड्स जेवलिन में देश भर में चौथे स्थान पर रहे. वहीं बालक अंडर-16 आयु वर्ग में एमानुएल किस्कू, मिडले रिले दौड़ में चौथे एवं 80 मीटर हर्डल्स में छठे स्थान पर रहे. जबकि बालक अंडर-16 वर्ष आयु में परमा हांसदा पेंटाथलन में बारहवें स्थान पर रहे. झारखंड राज्य टीम के प्रशिक्षक योगेश यादव के नेतृत्व में राज्य के एथलीटों ने 02 स्वर्ण, 03 रजत, 03 कांस्य समेत कुल 08 पदक जीते. वहीं पार्थ सिंह बालक 20 वर्ष में देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने. जिले के एथलीटों एवं प्रशिक्षक को डीसी हेमंत सती, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष कुमार उर्फ टिंकू, निमाई चौधरी, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, गौरव झा समेत जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी एवं भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामना दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
