पाकुड़ में प्रियंका गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी प्रचार में हीरो और काम में हैं जीरो

बरहरवा : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी आलमगीर आलम के पक्ष में चुनावी सभा की. बरहरवा के गुमानी में आयोजित जनसभा में प्रियंका गांधी ने वीर शहीद सिदो-कान्हू की धरती को नमन कर अपना संबोधन शुरू किया. कहा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार में […]

बरहरवा : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी आलमगीर आलम के पक्ष में चुनावी सभा की. बरहरवा के गुमानी में आयोजित जनसभा में प्रियंका गांधी ने वीर शहीद सिदो-कान्हू की धरती को नमन कर अपना संबोधन शुरू किया.
कहा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार में हीरो और काम में जीरो हैं. अपने कार्य को बढ़ा-चढ़ाकर जनता को दिखाना उनकी आदत बन गयी है. झारखंड में एसपीटी और सीएनटी एक्ट के नाम पर किसानों और आदिवासियों की जमीन छिनी जा रही है. झारखंड में खनिज संपदा की भरमार है, फिर भी यहां पर गरीबी छायी है.
प्रियंका ने कहा : पांच साल में भाजपा सरकार ने झारखंड के युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर दी है. 12 लाख लोगों का राशन कार्ड छीन लिया. हर दिन मजदूरों का पलायन हो रहा है. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है.
क्रशर एवं कोयला खदानें बंद पड़ी हैं. मनरेगा योजना ठप है. प्याज की कीमत में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है. जो झारखंड जल, जंगल और जमीन पाने के लिए अलग हुआ था, वह झारखंड अब तक अपना हक पाने के सपने देख रहा है. भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में पूरी तरह विकास का कार्य ठप कर दिया है. महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिल रही है.
सबसे अधिक मॉब लिंचिंग झारखंड में हुई : प्रियंका बोलीं : मॉब लिंचिंग के नाम पर सबसे अधिक घटनाएं झारखंड में हो रही हैं. भाजपा सरकार यहां तानाशाह बन गयी है. इस सरकार में किसान आत्महत्या कर रहे हैं. अगर झारखंड में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो सभी किसानों को कर्ज से मुक्ति मिलेगी. युवाओं को रोजगार मिलेगा. भाजपा सिर्फ आश्वासन देकर जनता को धोखा देती है. कांग्रेस ने जिस प्रकार अन्य राज्यों में अपने वादे पूरे किये हैं, उसी प्रकार झारखंड में भी अपने वादे पूरे करेगी.
प्रियंका ने झारखंड में महागठबंधन के नेता हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनाने का आग्रह किया व प्रत्याशी आलमगीर आलम के पक्ष में मतदान करने की अपील की. मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी मैनुल हक, पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, राजेश ठाकुर, उमंग सिघार, जिलाध्यक्ष उदय लखवानी, झामुमो के अब्दुल कादिर, राजमहल प्रत्याशी मो किताबुद्दीन शेख, मो नसीरूद्दीन, बरकत खान, अशोक दास सहित अन्य मौजूद थे.
बोलीं प्रियंका
अपने कार्य को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना प्रधानमंत्री की आदत बन गयी है
पांच साल में भाजपा सरकार ने झारखंड के युवाअों की जिंदगी बर्बाद की
युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, हर दिन मजदूरों का पलायन हो रहा है
झारखंड में कांग्रेस की सरकार बनी, तो किसानों को कर्ज से मुक्ति मिलेगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >