साहिबगंज : पुलिस दिल्ली के व्यवसायी व समाजसेवी ओमकारमल अग्रवाल का लोकेशन लोगाय व बोरियो बता रही है. उन्हें अंदेशा है कि ओमकारमल अग्रवाल को इसी इलाके में रखा गया है. पुलिस दिन रात एक किये हुए है. उधर इस अपहरण कांड ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है. अपहरण के बाद से पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों की खाक छान ली है. खबर है कि गुरुवार से पुलिस ने बरहेट के लोगाय व बोरियो क्षेत्र में पुलिस ने विशेष रूप से अपना रुख किया है. हालांकि पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
इनमें चर्चित अपराधी शमशेर अंसारी, प्रकाश मुमरू, जिस बोलेरो से ओमकारमल अग्रवाल को ले जाया गया था उसका ड्राइवर सुनील हेंब्रम व जिसके नाम से सिम है आनंद कुमार शामिल है. सदर डीएसपी शशिभूषण व पांच थाना प्रभारियों के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है. लेकिन पुलिस को हर जगह निराशा ही हाथ लग रही है. बता दें कि ओमकारमल अग्रवाल के अपहरण की घटना हाइटेक होने के कारण पुलिस मामले के उदभेदन में कोई कोताही नहीं बरत रही है. उधर गोपनीयता को बरकरार रखते हुए पुलिस फूंक फूंक कर कदम उठा रही है. हालांकि नगर थाना पुलिस ने ओमकारमल अग्रवाल के भतीजे विशाल अग्रवाल द्वारा भेजे गये ईमेल के आधार पर फरक्का निवासी अशोक मित्तल व कथित रूप से राकेश पर षड्यंत्र कर फिरौती के लिए अपहरण करने का मामला दर्ज कर लिया है.
