Ranchi Crime News, रांची (सतीश सिंह की रिपोर्ट): राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को प्रदेश भाजपा ने गंभीरता से लिया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने ऑर्किड अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पीड़िता को ढांढस बंधाया और पार्टी की ओर से हर संभव कानूनी और नैतिक सहयोग का भरोसा दिलाया. मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि पीड़िता अभी भी गहरे सदमे में है और डरी-सहमी हुई है.
केस वापस लेने के लिए डराने-धमकाने का आरोप
अस्पताल से लौटकर भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजय साह ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी दानिश के पिता, भाई और उसके सहयोगी लगातार पीड़िता और उसकी मदद कर रही सहेली का पीछा कर रहे हैं. उन्हें केस वापस लेने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और डराया-धमकाया जा रहा है. भाजपा ने इसे न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक बड़ी साजिश करार दिया है.
Also Read: विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, गढ़वा अस्पताल में शव छोड़कर ससुराली फरार
प्रशासन से कड़ी सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग
भाजपा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता और उसकी मुख्य गवाह सहेली को तत्काल चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जाए. पार्टी ने मुख्य आरोपी दानिश के साथ-साथ इस मामले में संदिग्ध भूमिका निभाने वाले सदाब और फबाद की भी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. अजय साह ने कहा कि जब तक सभी आरोपी जेल की सलाखों के पीछे नहीं होंगे, पीड़िता को सुरक्षित महसूस नहीं होगा.
फास्ट ट्रैक कोर्ट और मुआवजे की मांग
बीजेपी ने मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि अपराधी को जल्द से जल्द सजा मिल सके. इसके साथ ही, विक्टिम कॉम्पेंसेशन फंड का 25 प्रतिशत हिस्सा पीड़िता को तत्काल आर्थिक सहायता के तौर पर देने की मांग उठाई गई है.
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
अंत में भाजपा ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने किसी भी दबाव में आकर मामले को दबाने की कोशिश की, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी. पार्टी ने साफ किया है कि न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा.
