रांची. रांची नगर निगम द्वारा जल्द आइटीआइ बस स्टैंड और भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, कांटाटोली के जीर्णोद्धार का काम कराया जायेगा. इसमें लोगों की सुविधाओं के लिए कई निर्माण कार्य भी किये जायेंगे. इसके लिए रांची नगर निगम द्वारा एस्टीमेट बनाया जा रहा है. फाइनल एस्टीमेट तैयार करने के बाद दोनों बस स्टैंड को व्यवस्थित करने का काम किया जायेगा. आइटीआइ बस स्टैंड के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 3.5 करोड़ रुपये और खादगढ़ा बस स्टैंड को व्यवस्थित करने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है. अपर प्रशासक संजय कुमार ने बताया कि आइटीआइ बस स्टैंड और खादगढ़ा बस स्टैंड को व्यवस्थित करने का काम जल्द शुरू होगा. इसके लिए एस्टीमेट तैयार करने का काम चल रहा है. जिसके बाद कीचड़ न हो, इसके लिए पक्कीकरण किया जायेगा. पेवर ब्लॉक लगाये जायेंगे. शौचालय, प्याऊ आदि का निर्माण होगा. इसके अलावा भी आम लोगों की सुविधाओं को देखते हुए काम किये जायेंगे.
आइटीआइ बस स्टैंड में समतलीकरण का काम शुरू
आइटीआइ बस स्टैंड में बुधवार को समतलीकरण का काम किया गया. बता दें कि मंगलवार को नगर निगम की टीम आइटीआइ और खादगढ़ा बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुंची थी. आइटीआइ बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बारिश की वजह से परिसर में कीचड़ और जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है, जिसके कारण लोगों को समस्या हो रही है. भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, कांटाटोली में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ जगहों पर पेवर ब्लॉक उखड़ गये हैं. पीसीसी में गड्ढे बन गये हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
