बहन से छेड़खानी का विरोध किया, तो मनचले ने घर में घुस कर युवक को पीटा

बहन से छेड़खानी का विरोध करनेवाले भाई को एक मनचले युवक व उसके 30-40 दोस्तों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर पीटा. गंभीर रूप से घायल युवक का नाम अभिषेक वर्मा है.

वरीय संवाददाता (रांची).

बहन से छेड़खानी का विरोध करनेवाले भाई को एक मनचले युवक व उसके 30-40 दोस्तों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर पीटा. गंभीर रूप से घायल युवक का नाम अभिषेक वर्मा है. घटना सदर थाना क्षेत्र के कोकर चूना भट्ठा की है. इस संबंध में अभिषेक के पिता मनोज कुमार वर्मा ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने कहा है कि रविवार दोपहर 1:30 डेढ़ बजे मुहल्ले का ही रोशन यादव अपने 30-40 दोस्तों को लेकर रिवाल्वर, तलवार आदि लेकर घर में घुस गया. सभी ने उनके बेटे अभिषेक वर्मा की पिटाई कर दी. इसमें रोशन का पिता भी शामिल था. यह घटना सीसीटीवी में कैद है. आरोपियों ने घर का सामान भी तोड़ दिया. इसके अलावा छह-सात लैपटॉप भी क्षतिग्रस्त कर दिया. मनोज वर्मा ने कहा कि दो-तीन दिन पहले उनकी बेटी के साथ रोशन यादव ने छेड़खानी की थी. इसको लेकर बेटा अभिषेक वर्मा ने रोशन यादव को डांटा था. तब रोशन यादव ने धमकी दी थी कि तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे.

दो बजे बेटा गया थाने, तो पुलिस ने नहीं लिया आवेदन, शाम 6:15 बजे स्पॉट पर पहुंची :

मनोज वर्मा ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब उनका बेटा सदर थाना आवेदन लेकर गया, तो वहां के मुंशी ने आवेदन लेने से मना कर दिया. फिर वे पंडरा से आये और थाना गये. तब एक दारोगा से काफी गुजारिश के बाद उन्हें शाम 6:00 बजे आवेदन का रिसीविंग मिला. जब उन्होंने कहा कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज है, आपलोग आरोपियों को गिरफ्तार कीजिए. नहीं, तो वे मंत्री और बड़े पुलिस अफसर के पास जायेंगे. इसके बाद थाना से पुलिसवाले शाम 6:15 बजे उनके साथ उनके घर गये. इसके बाद उन्होंने आरोपी का घर पुलिसवालों को दिखाया. इस संबंध में सदर थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >