रांची. धुर्वा स्थित प्रभु जगन्नाथ के ऐतिहासिक मंदिर परिसर के समग्र विकास का रास्ता साफ हो गया है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ के प्रयास से 450 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर परिसर का समग्र विकास सीएसआर के तहत किया जायेगा. इस कार्य के लिए दो करोड़ नौ लाख रुपये स्वीकृत किये जा चुके हैं. इसको लेकर जिला प्रशासन व सीसीएल के बीच एमओयू किया गया है. बहुत जल्द कार्य शुरू होगा.
संजय सेठ ने सीसीएल सीएमडी को लिखा था पत्र
अगस्त 2024 में श्री सेठ ने सीसीएल के सीएमडी को पत्र लिखकर उन्हें जगन्नाथ मंदिर की आध्यात्मिकता और ऐतिहासिकता से अवगत कराया था. रक्षा राज्य मंत्री ने अपने पत्र में कहा था कि नागवंशी राजाओं द्वारा स्थापित यह मंदिर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नायकों की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है. वर्तमान में इस परिसर के समग्र विकास की आवश्यकता है, ताकि राष्ट्रीय पटल पर इस परिसर को नयी पहचान मिल सके. इसी के आलोक में सीसीएल ने जिला प्रशासन से संपर्क किया और परिसर के समग्र विकास को स्वीकृति दी. श्री सेठ ने कहा कि प्रभु जगन्नाथ की कृपा से ही यह काम संभव हुआ है. जगन्नाथ मंदिर सिर्फ हमारी आध्यात्मिकता का केंद्र नहीं है, बल्कि यह झारखंड की ऐतिहासिक धरोहर में से एक है. मंदिर परिसर के समग्र विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कई तरह की सुविधा मिलेगी.
जगन्नाथ मंदिर परिसर में जो कार्य होंगे
मंदिर के समग्र विकास की दिशा में बाउंड्री वाॅल, पार्क निर्माण, वाटर फाउंटेन, बच्चों के लिए खेलने की सुविधा, शौचालय, बागवानी, कियोस्क, गजीबो, पर्याप्त लाइटिंग, ोन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सहित कई कार्य किये जायेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
