Holi Weather Report Today: झारखंड में 8 मार्च को होली का त्योहार मनाया जायेगा. इसके पहले राज्य के एक दर्जन जिलों में बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, 6 मार्च को होलिका दहन के बाद 7 और 8 मार्च को राजधानी रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला समेत कम से कम 12 जिलों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा की होने की संभावना है.
6 मार्च को छायेंगे बादल, 8 मार्च को कई जिलों में होगी बारिश
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र ने मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें बताया है कि 8 मार्च को झारखंड के पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है. इससे पहले, 6 मार्च को झारखंड के दक्षिणी, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे.
8 मार्च तक ऐसा रहेगा रांची का तापमान
वहीं, उत्तरी-पूर्वी भागों में आसमान साफ रहेगा. साथ ही इस हिस्से में यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले में 6 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा. राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान 6 मार्च को 32 डिग्री सेंटीग्रेड, 7 मार्च को 30 डिग्री और 8 मार्च को 31 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है.
रांची में भी छाये रहेंगे बादल
वहीं, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 5 मार्च को 18 डिग्री और उसके बाद 6, 7 एवं 8 मार्च को 19 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है. इसके बाद 9 मार्च को राजधानी रांची में आंशिक बादल छाये रहेंगे. मेघ गर्जन की भी संभावना है. 10 मार्च को भी आंशिक बादल और मेघ गर्जन की भविष्यवाणी मौसम केंद्र रांची की ओर से की गयी है.
झारखंड में तापमान 36 डिग्री के पार
पिछले 24 घंटे के तापमान की बात करें, तो राज्य का अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया है. जमशेदपुर का पारा 36.6 और डालटेनगंज का 36.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सिमडेगा का रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज, बोकारो और चाईबासा का अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों सामान्य से अधिक हो गया है. हालांकि, रांची के उच्चतम तापमान में शनिवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी.
झारखंड के इन जिलों में होली से पहले होगी बारिश
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिले में 7 मार्च को कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे. वहीं, 7 एवं 8 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है.