झारखंड में 25 अगस्त तक बारिश के आसार

रांची मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी व ओड़िशा के समुद्र तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से इसका असर झारखंड पर भी पड़ा है.

रांची. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी व ओड़िशा के समुद्र तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से इसका असर झारखंड पर भी पड़ा है. इससे 25 अगस्त तक झारखंड के अलग-अलग इलाकों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवा व बारिश हो सकती है. निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से 19 अगस्त को कई जगहों पर आसमान में घने बादल छा गये हैं व रुक-रुक कर बारिश हो रही है. 20 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में आकाश में बादल छाये रहेंगे और रुक-रुक कर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. जबकि 21 अगस्त को रामगढ़, रांची के कुछ हिस्से, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा व साहेबगंज में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ भारी बारिश के आसार हैं. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 22 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा व लातेहार में वज्रपात व तेज हवा के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. जबकि लोहरदगा, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर तथा जामताड़ा में भी कहीं-कहीं आकाश में बादल छाये रहेंगे व रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश गोइलकेरा (पश्चिम सिंहभूम) में 36.6 मिमी रिकॉर्ड की गयी है. वहीं मंगलवार को जमशेदपुर में 11 मिमी, बोकारो में 10 मिमी, रांची में तीन मिमी, मेदिनीनगर में एक मिमी बारिश हुई है.

झारखंड में अब तक 27 प्रतिशत अधिक बारिश हुई

झारखंड में इस मानसून में एक जून 2025 से अब तक 888.9 मिमी बारिश हो गयी है. जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 700.5 मिमी है. यानी राज्य में अब तक 27 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है. वहीं रांची में अब तक 1094.2 मिमी बारिश हो गयी है, जो सामान्य वर्षापात से 52 प्रतिशत अधिक है. वहीं पूर्वी सिंहभूम में अब तक 1330 मिमी बारिश हो गयी है, जो सामान्य वर्षापात यानी 76 प्रतिशत अधिक है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRAVEEN

PRAVEEN is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >