10 बजे तक केंद्रों पर रही अधिक भीड़
व्हील चेयर पर भी पहुंचे मतदान करने
कई केंद्रों पर इवीएम को बदलना पड़ा
नामकुम में 14 आदर्श बूथ बनाये गये
रांची : खिजरी विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ. क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर अलग-अलग समय पर मतदान में तेजी दिखी. टाटीसिलवे उच्च विद्यालय व टाटी पूर्वी पंचायत सहित अन्य बूथों पर सुबह सात बजे से 10 बजे तक मतदाताअों की अधिक भीड़ रही.
वहीं टाटीसिलवे कन्या मध्य विद्यालय, टाटीसिलवे तथा सामलौंग स्थित निर्मला, असीसी व संत फ्रांसिस स्कूल में दिन भर मतदान होता रहा. उधर, बुजुर्ग व लाचार लोगों में भी मतदान को लेकर उत्साह दिखा. महिलौंग के राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में वृद्ध (करीब 80 वर्ष) दंपती निलो देवी व किशुन लोहरा तथा आरा मध्य विद्यालय में व्हील चेयर के सहारे शिवचरण प्रसाद व बूतरी देवी ने मतदान किया.
अनगड़ा व आसपास : खिजरी विधानसभा क्षेत्र के अनगड़ा इलाके में मतदाताओं की कुल संख्या 58954 है. यहां भाजपा प्रत्याशी राम कुमार पाहन ने साल्हन मतदान केंद्र संख्या-91 में मतदान किया. वहीं बेरवाड़ी बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी सरिता तिर्की ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. अनगड़ा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों में काफी उत्साह था. सुबह से एक बजे तक मतदान की रफ्तार तेज रही. वहीं एक बजे के बाद इक्का-दुक्का मतदाता ही मतदान केंद्रों की ओर जाते दिखे.
ओरमांझी व आसपास : राजकीय मध्य विद्यालय पिस्का, अोरमांझी की बूथ संख्या 61 पर आजसू के खिजरी प्रत्याशी रामधन बेदिया ने परिवार संग मतदान किया. वहीं रांची के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी तथा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने राजकीय मध्य विद्यालय, कुच्चू के बूथ पर मतदान किया. प्रखंड के कुल्ही (बूथ संख्या 21) में इवीएम खराब होने के कारण मतदान एक घंटा विलंब से शुरू हुआ. उधर, झिरी आंगनबाड़ी केंद्र में मतदान सुस्त होने पर यहां के मतदाता नाराज दिखे. यहां तीन बजे तक मतदाताअों की लंबी लाइन लगी थी.
नामकुम प्रखंड व अासपास : प्रखंड के आदर्श ग्राम हहाप के उलातू व रामपुर के बूथों सहित अन्य पर दो बजे के बाद सन्नाटा था. नामकुम प्रखंड में कुल 14 आदर्श बूथ थे. यहां के कोयरी बेड़ा, सिदरौल, टांगर टोली में इवीएम की खराबी के कारण 45 मिनट के लिए मतदान रोकना पड़ा. वहीं बूथ संख्या 261 एवं 257 में इवीएम को बदलना पड़ा. इस दौरान मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा.
प्रखंड के 16 बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे. प्रखंड कार्यालय में निगरानी कक्ष बनाया गया था, जिसकी मॉनिटरिंग प्रखंड विकास पदाधिकारी कर रहे थे.
पति-पत्नी पहले वोटर : खिजरी विधानसभा क्षेत्र के संत फ्रांसिस स्कूल, सामलौंग के बूथ पर सबसे पहले सुबह नित्य वाल्टर खलखो वोट करने पहुंचे थे. वहीं उनकी पत्नी सुशीला शांति एक्का भी पास के निर्मला मध्य विद्यालय, सामलौंग के बूथ की पहली वोटर बनीं. दोनों को प्रमाण पत्र मिला. पति-पत्नी सुबह 6.20 बजे ही मतदान केंद्र पहुंच गये थे.
मुख्य सचिव ने दिया वोट
मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने गुरुवार को खिजरी विधानसभा क्षेत्र के महिला समिति एफ टाइप, एचइसी सेक्टर -3 स्थित बूथ संख्या 373 पर मतदान किया. वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबका वोट व सबकी भागीदारी जरूरी है.
वृद्ध वोटर
लंबे समय से झारखंड में रह रहे लोगों को भी जाति व आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होना मेरा एजेंडा है. हमारे बच्चे यहीं पल-बढ़ रहे हैं, पर प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हें आरक्षण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सकता. यह दुर्भाग्यपूर्ण है.
विष्णु राम चंदेलिया, टाटीसिलवे
महिला वोटर
मैंने विकास तथा विधानसभा क्षेत्र में बेहतर कार्य के नाम पर वोट दिया है. हमारा प्रत्याशी लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने वाला होना चाहिए. वोट मांगते वक्त तो सब एेसा करने की बात करते हैं, पर इसके बाद अपना वादा भूल जाते हैं.
सीमा कुमारी, टाटीसिलवे
युवा वोटर
देश व राज्य में काम तो हो रहा है, पर समाज को बांटना ठीक नहीं है. यही मेरा मुद्दा है. देखिए देश में विकास कार्य चाहे जितना हो जाये, पर अगर समाज में अशांति रहेगी व समाज बंटा व डरा रहेगा, तो मुल्क काफी तरक्की नहीं कर सकता.
रतन केरकेट्टा, सामलौंग
फर्स्ट वोटर
मैंने पहली बार वोट दिया है. मैं बूथ संख्या 175 की पहली वोटर थी. मैंने शिक्षा की सुविधा तथा शहर के आसपास के इलाके में सिटी बसें चलाने के मुद्दे के साथ वोट दिया है. उम्मीद करती हूं कि विजयी होने वाले प्रत्याशी इन मांगों पर ध्यान देंगे.
सोनम कुमारी सिंह, फर्स्ट टाइम वोटर
