सिल्ली : विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को मतदान होगा. इसके लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है.
सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था की गयी है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा. इलाके में निर्भीक व शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए सीआरपीएफ, ओड़िशा की पारा मिलिट्री, बीएसफ, जिला पुलिस व महिला बटालियन समेत 1000 से भी ज्यादा सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है. इमरजेंसी के लिए प्रखंड के इलाके में आठ जगहों पर हेलीपैड बनाये गये हैं. सिल्ली प्रखंड के सभी 111 बूथों पर सुरक्षा के लिए जवान तैनात कर दिये गये हैं. इलाके के 27 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर बीसएफ व सीआरपीरफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है. कई इलाके में बुधवार को सुरक्षा बलों गश्त किया.
करीब 2 लाख मतदाता वोट डालेंगे: सिल्ली. सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के करीब दो लाख मतदाता 278 बूथों पर अपना वोट डालेंगे. सिल्ली प्रखंड के अंतर्गत 111 बूथ हैं. जिनमें से 11 बूथ आदर्श बूथ बनाये गये हैं. इन पर मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष व्यवस्था होगी. इसके अलावे सिल्ली प्रखंड के 45 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है.
