भाकपा माले ने जारी किया संकल्प पत्र
रांची : भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में कारगर गठबंधन नहीं बन पाया, जबकि यहां भाजपा के खिलाफ मजबूत मोर्चाबंदी की जरूरत थी.
झारखंड में वामपंथियों को गठबंधन से बाहर रखने की कोशिश हुई है, जिसका लाभ भाजपा को प्रत्यक्ष तौर पर मिलेगा. वह गुरुवार को राज्य कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने माले का संकल्प पत्र जारी करते हुए पार्टी प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान किया.
इस बार पार्टी राज्य की 16 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी़ शेष सीटों पर भाजपा के खिलाफ अन्य दलों को मुद्दे के आधार पर अपना समर्थन देगी. संकल्प पत्र में पार्टी की उपलब्धियों के साथ ही भविष्य के रोड मैप को रखा गया है. इस मौके पर माले के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद, सुखदेव प्रसाद आदि मौजूद थे़
16 प्रत्याशियों की सूची जारी : सूची में खिजरी से जगरनाथ उरांव, रामगढ़ से हीरालाल महतो, बड़कागांव से सरयू मुंडा,मांडू से जयवीर हांसदा, बगोदर से विनोद सिंह, धनवार से राजकुमार यादव, जमुआ से अशोक पासवान, गांडेय से राजेश यादव, गिरिडीह से राजेश सिन्हा, बाघमारा से तुलसी महतो, धनबाद से राहुल पासवान, देवघर से शंभू तूरी, गोड्डा से विकास मंडल, बरकट्ठा से इब्राहिम अंसारी, भवनाथपुर से वरुण बिहारी यादव और मनिका से राजेंद्र सिंह शामिल हैं.
