रांची : कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड को एक समय औद्योगिक नगर के रूप में जाना जाता था.आज यहां उद्योग बंद हो रहे हैं. जमशेदपुर, बोकारो, पलामू समेत राज्य के कई जिलों में फैक्ट्रियां बंद हो गयी हैं. हजारों लोगों की नौकरी चली गयी. नौकरी के लिए नौजवानों का पलायन हो रहा है.
अगर कांग्रेस की सरकार बनी, तो हर परिवार में एक व्यक्ति को नौकरी देंगे. जिन परिवारों को नौकरी नहीं दे पायेंगे, उन्हें भत्ता दिया जायेगा. श्री सिंह ने ये बातें कांग्रेस की प्रमंडलीय जन आक्रोश रैली में बुधवार को कही.
विधानसभा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार ने पिछले चुनाव में किये गये वादों को पूरा नहीं किया है. राज्य में 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की गयी थी, लेकिन वह भी पूरी नहीं हुई है. श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करती है, जबकि उसकी सरकार के कैबिनेट मंत्री ही भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं.
महाराष्ट्र में भाजपा ने 200 पार, हरियाणा में 75 पार का नारा दिया था, लेकिन जनता ने इन्हें आधे से भी कम पर रोक दिया है. झारखंड में भी भाजपा ने 65 पार का नारा दिया है, लेकिन जनता उसे 25 पार नहीं होने देगी. रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे, सांसद गीता कोड़ा, राज्यसभा सांसद धीरज साहू, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रणव झा, पूर्व विधायक नियेल तिर्की, बन्ना गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर समेत विभिन्न जिलों के अध्यक्ष व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे.
