रांची: सीसीएल के पूर्व चालक मो नसीम अख्तर मंगलवार को आत्महत्या की कोशिश की. बेटी की शादी के लिए पैसे की व्यवस्था नहीं कर पाने से वह तनाव में था. अंतत: उसने आत्महत्या का ही रास्ता अपना लिया. बताया जाता है कि उसका कंपनी पर लाखों रुपये का बकाया है. परिजनों के अनुसार कंपनी भुगतान नहीं कर रही है.
जानकारी के अनुसार गाड़ीखाना निवासी नसीम सीसीएल में चालक के पद पर था. उसने 2009 वीआरएस ले लिया था. उनका पीएफ का पूरा पैसा नहीं मिला है. ओवर टाइम का बकाया भी अब तक नहीं मिला है. ओवर टाइम के बकाये के लिए कंपनी के चालकों ने उच्च न्यायालय से गुहार लगायी थी. हाइकोर्ट से फैसला चालकों के पक्ष में आया. इसके बाद भी कंपनी की ओर से भुगतान नहीं हुआ.
तीन बेटियों की शादी बाकी है
नसीम की पांच पुत्री और दो पुत्र हैं. दो बेटियों की शादी हो चुकी है. तीसरी की शादी के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं. नसीम के पुत्र हसनैन ने बताया कि इसी को लेकर उसके पिता तनाव में रहते थे. नसीम का एक पुत्र नगर निगम में कैजुअल में गाड़ी चलाता है, जबकि एक बेटा टायर दुकान में काम करता है.
एरियर भुगतान को लेकर जिच
पिछले पांच साल के चालकों के ओवर टाइम व एरियर भुगतान को लेकर जिच कायम है. न्यायालय के आदेश के बाद भुगतान नहीं हो पाया है. सभी चालकों के सेवाकाल का लॉग बुक भी कई विभागों में उपलब्ध नहीं है. इस कारण बकाये का सही आंकलन नहीं हो पा रहा है.
