101 जोड़े सात फेरों में बंधे, रामगढ़ बना ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी

101 जोड़े सात फेरों में बंधे, रामगढ़ बना ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी

:सांसद सामूहिक विवाह उत्सव-2026 संपन्न,

यह पुण्य का कार्य है. ऐसा काम निरंतर होना चाहिए. यह मेरी शुभकामना है. समाज में इसकी आवश्यकता है. ::: हेडिंग…शादी कराना पुण्य का काम है, समाज में ऐसे कार्य की जरूरत : राज्यपाल

: समाज जागरूक हो, तो अभावग्रस्त बेटियों की शाही शादी संभव : मनीष जायसवाल

: सांसद मनीष जायसवाल का कार्य अनुकरणीय : मनोज तिवारी

::: लोगों ने पुष्प वर्षा, तालियों व अभिनंदन के साथ बारात का किया स्वागत

:::बारात फुटबॉल मैदान से सुभाष चौक, थाना चौक, झंडा चौक, चट्टी बाजार होते हुए सिदो-कान्हू मैदान पहुंची.

प्रतिनिधि, रामगढ़

बाजारटांड़ स्थित सिदो-कान्हू मैदान में रविवार को सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026 का आयोजन किया गया. यह रामगढ़ के लिए यादगार विवाह समारोह के रूप में माना जा रहा है. 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह सात फेरों के साथ भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ. सुबह दस बजे छावनी फुटबॉल मैदान से बैंड-बाजा, आतिशबाजी, सजी-धजी गाड़ियों व हजारों लोगों के साथ बारात निकली. इसका नेतृत्व स्थानीय सांसद मनीष जायसवाल ने किया. सामूहिक बारात ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया. इस आयोजन में कई ऐसे जोड़े शामिल थे, जो दृष्टिबाधित, दिव्यांग व अभावग्रस्त परिवारों से आने वाले वर-वधु थे. उनके लिए यह आयोजन सपनों के पूरा होने जैसा था. सांसद मनीष जायसवाल ने 101 गरीब परिवारों की बेटियों की शादी करायी. इलेक्ट्रिक रिक्शा (टोटो) सहित आवश्यक सामान के साथ उनकी विदाई करायी.

कन्यादान के समय भावुक हुए सांसद

कन्यादान और विदाई के दौरान सांसद मनीष जायसवाल भावुक हो गये. उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से जीवन में किसी चीज की जरूरत होने पर इस भाई व बेटे को याद करने को कहा. वह सदैव आपके लिए खड़े रहेंगे. उन्होंने दूल्हों को परिवार की जिम्मेदारी निभाने व दुल्हनों को सम्मान व स्नेह के साथ जीवन आगे बढ़ाने का संदेश दिया. कहा कि समाज जागरूक हो, तो अभावग्रस्त परिवार की बेटियों की भी शाही शादी संभव है. सहयोग मिलता रहा, तो वह आगे भी ऐसे आयोजन करने की कोशिश करेंगे.

आतिशबाजी के साथ पूरा मैदान उल्लास से गूंज उठा

विवाह समारोह में 101 जोड़े सात फेरों में बंधे. सभी दुल्हा-दुल्हन की जोड़ी ने एक-दूसरे को माला पहनाया. इस दौरान आतिशबाजी व संगीत के साथ पूरा मैदान उल्लास से गूंज उठा. छऊ नृत्य, झूमर, शहनाई, ढोल-नगाड़े, मांदर व पारंपरिक वेश-भूषा में कलाकारों की प्रस्तुति ने आयोजन को लोक उत्सव का रूप दे दिया.

गणेश वंदना से आयोजन की शुरुआत की गयी

सुबह सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग स्थित आवास से श्रीगणेश वंदना कर आयोजन की शुरुआत की. फुटबॉल मैदान छावनी परिषद से 101 दूल्हों की सामूहिक बारात निकली. इसमें बीएमडब्ल्यू, थार समेत अन्य चार पहिया वाहनों पर सवार दूल्हे आकर्षण के केंद्र थे. पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्प वर्षा, तालियों व अभिनंदन के साथ बारात का स्वागत किया. बारात फुटबॉल मैदान से सुभाष चौक, थाना चौक, झंडा चौक, चट्टी बाजार होते हुए सिदो-कान्हू मैदान पहुंची.

राज्यपाल सहित कई विशेष लोग थे उपस्थित : विवाह समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि यह पुण्य का कार्य है. ऐसा काम निरंतर होना चाहिए. यह मेरी शुभकामना है. समाज में इसकी आवश्यकता है. सांसद की पहल से बहुत ही प्रशंसनीय काम संपन्न हो रहा है. उन्होंने सभी वर-वधू को आशीर्वाद दिया. वैवाहिक समारोह में भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, दिल्ली सांसद सह गायक मनोज तिवारी, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, धनबाद विधायक राज सिन्हा आदि उपस्थित थे.

संगीत और नृत्य से मंत्रमुग्ध हुए लोग : मुख्य मंच से भोजपुरी गायक सह सांसद मनोज तिवारी मृदुल और झारखंड के लोकगायक दीपक तिर्की ने अपने गीतों से सबका मनोरंजन किया. गणेश वंदना, विवाह गीत और राधा-कृष्ण थीम पर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि एक सांसद अपने विकास कार्यों के साथ इतना बड़ा आयोजन करता है, तो यह काफी सराहनीय पहल है. एक बेटी की शादी करने में व्यक्ति की पूरी शक्ति लग जाती है. यहां 101 बेटियों की शादी हो रही है. सभी बेटियों को उपहार दिये जा रहे हैं. सांसद मनीष जायसवाल का कार्य अनुकरणीय है. यहां आकर इन बेटियों के लिए आशीर्वाद देना काफी अच्छा लगा.

समारोह स्थल पर सुरक्षा रही चाक-चौबंद : वैवाहिक समारोह में हजारीबाग व रामगढ़ जिले से भारी संख्या में लोग पहुंचे. इसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से रखा गया था. जिला पुलिस बल के अलावा निजी सुरक्षा कर्मी भी लगे थे. सांसद मनीष जायसवाल व उनके परिवार के लोग लगातार विधि-व्यवस्था बेहतर बनाने की निगरानी कर रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >